Scorching Heat Alert: फलोदी में तापमान 50 डिग्री से अधिक हो गया है जबकि देश के 37 अन्य शहरों में भी तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, और गुजरात में भीषण गर्मी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में पिछले तीन दिनों में गर्मी के कारण कई मौतो की सूचना मिली है। अगले कुछ दिनों में इन राज्यों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों को सावधानी बरतने और घरों में रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान के फलौदी में पहुंचा तापमान 50 डिग्री के पार
भारत के अधिकांश राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है जहां लगभग 37 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। इस तीव्र गर्मी के बीच कई राज्यों में बिजली कटौती की शिकायतें भी सामने आ रही है। महाराष्ट्र के अकोला में प्रशासन ने सार्वजनिक समारोह पर रोक लगाते हुए 31 मई तक आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू कर दी है।
उत्तर भारत झुलस रहा है भीषण गर्मी से
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात में प्रचंड गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। हीट स्ट्रोक के मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है। राजस्थान का फलोदी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले फलोदी का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था जो 1 जून 2019 के बाद सबसे अधिक है।
राजस्थान में पिछले तीन दिनों से गर्मी से संबंधित कई मौतो की सूचना मिली है
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के 37 शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले 17 शहरों में इतना तापमान था। यहां तक की हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में भी गर्मी पड़ रही है। शिमला में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। जबकि उना में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में करीब 8 स्थान पर अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया जिसमें मुंगेश्वर और नजफगढ़ में 48.3 और 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। हरियाणा के नारनौल में 47 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के फरीदकोट में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र में प्रशासन ने श्रमिकों के लिए पीने के पानी और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है साथ ही साथ दोपहर के समय निजी कोचिंग कक्षाएं बंद रखने के आदेश दिए हैं।
पानी और बिजली की हो रही कमी
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार भारत के 150 प्रमुख जलाशयों में पानी का भंडारण पिछले सप्ताह उनके कुल भंडारण का केवल 24% रह गया जिससे कई राज्यों में पानी की कमी बढ़ गई और जल विद्युत उत्पादन पर असर पड़ा। भीषण गर्मी के कारण भारत की बिजली की मांग 239.9 गीगावॉट तक पहुंच गई है जो इस सीजन में अब तक की सबसे अधिक है। घरों और कार्यालय में एयर कंडीशनर और कूलर के अत्यधिक प्रयोग से बिजली की खपत बढ़ गई है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि बिजली की मांग और बढ़ सकती है और सितंबर 2023 में दर्ज किए गए 243.27 गीगावॉट के उच्च स्तर को पार कर सकती है।
गर्मी से बचने के कुछ सुझाव
आप ऐसी गर्मी से बचने के लिए कुछ सुझाव को फॉलो कर सकते हैं, जैसे की अधिक से अधिक पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना, और दोपहर के समय घर से बाहर न निकलना। आप ऐसी गर्मी में भोजन भी हल्के से हल्का कम तेल मसाले वाला ही करें।